– मानेवाड़ा के बालाजी नगर में आयोजन
नागपुर :- नवरात्रि के उपलक्ष्य पर शीतला माता मंदिर ट्रस्ट की ओर से मानेवाड़ा रोड, बालाजी नगर के शीतला माता मंदिर में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का आयोजन 30 मार्च तक किया गया है. आज कथा के प्रथम दिवस चित्रकूट के भागवत कथाकार योगेश कृष्ण महाराज ने कथा की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा मोक्ष प्रदायिनी है। इसके श्रवण से सभी पापों से मुक्ति मिलती है। कथा को सुनकर उसे अपने जीवन में उतारना चाहिए।
आज कथा आरम्भ से पूर्व मंगल कलश यात्रा परिसर से निकाली गई। कथा के यजमान देवीदास देशमुख परिवार के साथ सिर पर पोथी धारण कर चल रहे थे। साथ ही उनके कथावाचक महाराज भी पैदल चल रहे थे। 51 मंगल कलश सिर पर रख महिलाएं चल रही थीं। मार्ग पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। व्यासपीठ का पूजन यजमान परिवार और मंदिर ट्रस्ट ने किया। कथा का समय दोपहर 2 से 6 रखा गया है। सभी से उपस्थिति की अपील मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई है।