छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने रविवार की रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।माओवादियों ने छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स (CAF) के कुटरू थाना क्षेत्र के दरभा स्थित कैंप पर UBGL दागे और अंधाधुंध फायरिंग की है। माओवादियों ने फोर्स के कैंप पर हमला कर दिया, जिससे 4 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 2 जवानों को रायपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब 11:00 बजे माओवादियों ने कुटरु थाना क्षेत्र के दरभा स्थित सीएएफ कैंप में फायरिंग शुरू कर दी। जंगल की आड़ लेकर नक्सलियों ने कैंप पर दर्जनभर से अधिक UBGL भी दागे हैं। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब एक घंटे तक रुक-रुक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। सुरक्षा बल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली फरार हो गए।