– सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का किया दौरा
नागपुर :- सांसद सांस्कृतिक महोत्सव ने नागपुर और विदर्भ को देश भर के विचारकों और कलाकारों को सुनने, देखने और अनुभव करने का अवसर प्रदान किया है। यह सांस्कृतिक पर्व इसी तरह जारी रहेगा, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा।
मुख्यमंत्री ने आज सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का दौरा किया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए वे बोल रहे थे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मंत्री पंकजा मुंडे, विधायक मंजूला गावित, विधायक अमित गोरखे, पूर्व विधायक अनिल सोले, दैनिक हितवाद के प्रबंध निदेशक राजेंद्र पुरोहित, उद्यमी यशपाल आर्य, पद्मेश गुप्ता, यशपाल गुप्ता आदि इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि सांसद सांस्कृतिक महोत्सव न केवल देशभर के कलाकारों के लिए बल्कि हमारे क्षेत्र के कलाकारों के लिए भी एक बड़ा मंच बन गया है। महोत्सव में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से नागपुर का सांस्कृतिक क्षेत्र समृद्ध होगा। इसके लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री बनने के बाद नागपुर में यह मेरा पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है, इसका विशेष आनंद है।
महोत्सव के कार्यक्रम बेहद सुंदर तरीके से संपन्न हो रहे हैं। यह महोत्सव नागपुरवासियों के जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। कुमार विश्वास जैसे लेखक, कवि और विचारक के कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आनंद मिला। कुमार विश्वास श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। वे केवल दर्शन की बात नहीं करते बल्कि दार्शनिकता से जीते हैं, ऐसा मुख्यमंत्री ने कहा। मुख्यमंत्री श्री फडणवीस कुमार विश्वास के ‘अपने अपने राम’ कार्यक्रम में भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सांसद महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। मनोरंजन के माध्यम से सांस्कृतिक रुचि, जन-जागृति और समाज-संस्कार का विकास हो रहा है। महोत्सव के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सहयोग और समर्थन मिल रहा है।