नागपुर :- भगवान शिव सभी का कल्याण करने वाले हैं। वे अपने भक्तों की छोटी सी पूजा से भी प्रसन्न हो जाते हैं। वे सदा सबका कल्याण करते हैं। शिव की महिमा अपार है। उक्त आशय के उद्गार द्वारकाशारदा व ज्योतिष पीठ के ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के निकटतम शिष्य ब्रह्मचारी शारदानंद महाराज ने श्री शीतला माता मंदिर, लकड़गंज पुलिस स्टेशन के पीछे, इतवारी रेलवे स्टेशन के पास, मालधक्का रोड में श्री शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कहे।
श्री शिव पंचायत प्राण प्रतिष्ठा के 3 दिवसीय आयोजन में ब्रह्मचारी शारदानंद ने कहा कि वे ज्ञान का वेद हैं, वे रामायण के प्रणेता हैं, संगीत के स्वर हैं। उनमें नृत्य वास करता है, जीवन को गति मिलती है। वे प्रेमी हैं, ऋषियों के गुरु हैं, देवताओं के रक्षक हैं, असुरों के सहायक हैं और मानवों के आदर्श हैं। कार्यक्रम में मूर्ति का मंडल पूजन, जलाधिवास, पंचांग पूजन, शयन, नगर भ्रमण,प्राण प्रतिष्ठा, हवन पूजन, महाप्रसाद किया गया। सफलतार्थ जितेंद्र पांडे व भक्त मंडल ने अथक प्रयास किया।